पी. एन. दास कॉलेज में खादी और ग्रामोद्योग आयोग के सहयोग से धूमधाम से मनाया गया ‘हिंदी दिवस’

पलता (बैरकपुर): पलता स्थित पी. एन. दास कॉलेज में खादी और ग्रामोद्योग आयोग (भारत सरकार) के संयुक्त तत्वावधान में ‘हिंदी पखवाड़ा’ बड़े ही उत्साह और गरिमामय माहौल में मनाया गया। इस पूरे आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों और आम जनमानस के बीच हिंदी की स्वीकार्यता बढ़ाना और रोज़मर्रा के कामकाज व बातचीत में इसके सहज इस्तेमाल को प्रोत्साहित करना था। कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज की प्राचार्या डॉ. शर्मिला दे ने की, जबकि मंच की पूरी रूपरेखा और संचालन का ज़िम्मा हिंदी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. अजय चौधरी ने अपने चिर-परिचित अंदाज़ में बखूबी संभाला।

    समारोह के मुख्य वक्ता, राष्ट्रगुरु सुरेन्द्रनाथ कॉलेज (बैरकपुर) के सहायक प्राध्यापक डॉ. बिक्रम कुमार साव ने अपने वक्तव्य में कहा कि हिंदी पूरे देश को एक सूत्र में पिरोने वाली मज़बूत कड़ी है। उन्होंने इस बात पर विशेष बल दिया कि हिंदी का विकास देश की तमाम क्षेत्रीय भाषाओं और बोलियों को पूरा आदर व सम्मान देकर ही मुमकिन हो सकता है। जब सभी भाषाएँ साथ बढ़ेंगी, तभी हिंदी भी समृद्ध होगी।

    विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद खादी और ग्रामोद्योग आयोग के अधिकारी श्री प्रभुनाथ यादव ने सरकारी और अर्ध-सरकारी दफ़्तरों में हिंदी के प्रयोग पर बात रखी। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक कार्यों में कठिन और दुरूह शब्दों के बजाय आम बोलचाल की सरल हिंदी अपनाई जानी चाहिए, ताकि आम आदमी तक अपनी बात आसानी से पहुँच सके। इसी क्रम में कॉलेज के अंग्रेज़ी विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर सुमन रंजन बंद्योपाध्याय ने भाषा और बोलियों के गहरे रिश्ते को रेखांकित करते हुए कहा कि अगर किसी भाषा को लंबे समय तक ज़िंदा रखना है, तो उसकी स्थानीय बोलियों का संरक्षण सबसे पहले ज़रूरी है, क्योंकि बोलियाँ ही किसी भी समृद्ध भाषा की जड़ और जीवन-रस होती हैं। साथ ही अंग्रेज़ी विभाग की एसोसिएट प्रोफेसर काकोली सेन बनर्जी ने कहा कि पश्चिम बंगाल जैसे गैर-हिंदी भाषी क्षेत्र में रहने के बावजूद हम कभी हिंदी से कटे हुए नहीं रहे। हमारे खान-पान, बाज़ार और रोज़मर्रा के संपर्कों में हिंदी इतने स्वाभाविक रूप से घुली-मिली है कि हमें इसके इस्तेमाल में कोई बनावटीपन महसूस नहीं होता। वहीं, गणित विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. बाबलू विश्वास ने मंच पर आकर सभी को सुखद आश्चर्य में डाल दिया। बांग्लाभाषी पृष्ठभूमि से होने के बावजूद उन्होंने अपना पूरा वक्तव्य बड़ी ही सहज और प्रवाहपूर्ण हिंदी में दिया, जिसे सुनकर सभागार तालियों से गूँज उठा। उन्होंने साबित किया कि भाषा दिलों को जोड़ती है, दीवारों को नहीं।

    इस कार्यक्रम के अकादमिक सत्र के बाद छात्र-छात्राओं की भाषाई समझ और सामान्य ज्ञान को परखने के लिए एक वस्तुनिष्ठ हिंदी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता कराई गई। विद्यार्थियों ने इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और कड़े मुकाबले के बाद निशा चौधरी ने पहला, लक्खी धारिकर ने दूसरा और बिट्टू साव ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। क्विज़ के तुरंत बाद काव्य-पाठ का सत्र शुरू हुआ, जिसमें युवा रचनाकारों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का परिचय दिया। सुमित लोहार, आकृति गुप्ता और निशा चौधरी ने अपनी लिखी कविताओं का भावपूर्ण पाठ कर माहौल को साहित्यिक रंग में रंग दिया।

    इस पूरे आयोजन को ज़मीनी स्तर पर सफल और व्यवस्थित बनाने में कॉलेज के हिंदी विभाग के छात्र-छात्राओं की सक्रिय भागीदारी रही। कबीर प्रसाद, मुक्ति चौधरी, निधि भगत, साबनाज आफ़रीन, श्रेया साव, सिमरन वर्मा, रीति सिंह, राकेश कुमार वर्मा, तुलसी चौधरी और खुशबू साहनी ने पूरे समर्पण और उत्साह के साथ मंच व्यवस्था से लेकर हर ज़िम्मेदारी को संभाला।

    कार्यक्रम के समापन पर प्राचार्या डॉ. शर्मिला दे ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि कॉलेज का निरंतर प्रयास रहता है कि विद्यार्थी किताबी ज्ञान तक सीमित न रहकर ऐसे भाषाई और सांस्कृतिक आयोजनों के ज़रिए उनकी रचनात्मक सोच और अभिव्यक्ति की क्षमता निखरे। उन्होंने सफल आयोजन के लिए हिंदी विभाग और सभी प्रतिभागियों की सराहना की। अंत में औपचारिक धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
 
 

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

साहित्य और सिनेमा

सरप्राइज और लड़की (कहानी-संग्रह) : कृष्ण कुमार भगत

नागार्जुन के उपन्यासों में जन-आंदोलन का विकास